दीपा कर्माकर बैन के बाद एशियाई खेल के चयन ट्रायल के लिए करेंगी वापसी

भारतीय जिमनास्ट पर डोपिंग के कारण लगा 21 महीने का प्रतिबंध 10 जुलाई को ख़त्म हो रहा है। ओडिशा के भुवनेश्वर में 11 और 12 जुलाई को चयन ट्रायल निर्धारित किए गए हैं।

2 मिनटद्वारा शिखा राजपूत
Indian gymnast Dipa Karmakar 
(Getty Images)

दीपा कर्माकर डोपिंग के कारण 21 महीने लंबा प्रतिबंध पूरा करने के बाद भुवनेश्वर में होने वाले एशियाई खेल 2023 जिमनास्टिक चयन ट्रायल में वापसी करने के लिए तैयार हैं।

29 वर्षीय दीपा कर्माकर को वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (WADA) ने प्रतिबंधित पदार्थ हिगेनामाइन के लिए पॉज़ीटिव टेस्ट के बाद निलंबित कर दिया था। यह प्रतिबंध 10 जुलाई को ख़त्म हो रहा है।

एशियन गेम्स का चयन ट्रायल 11 और 12 जुलाई को ओडिशा के भुवनेश्वर में निर्धारित किया गया है। दीपा कर्माकर का नाम मई में जिमनास्टिक फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया ने संभावितों की सूची में शामिल किया था।

कर्माकर ने पीटीआई से कहा, “यह पुष्टि हो गई है कि मैं ट्रायल में हिस्सा लूंगी। मैं पिछले कुछ महीनों से अगरतला में प्रशिक्षण कर रही हूं, इसलिए सर्वश्रेष्ठ परिणाम की पूरी उम्मीद है।”

त्रिपुरा में जन्मी जिमनास्ट को शुरू में दो साल के लिए निलंबित कर दिया गया था और उनका प्रतिबंध 11 अक्टूबर, 2021 से लागू हुआ था। यह वह दिन था जब उनका सैंपल लिया गया था। आपको बता दें कि कर्माकर के रिपोर्ट स्वीकार करने के बाद प्रतिबंध 3 महीने कम कर दिया गया।

दीपा कर्माकर ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली पहली भारतीय जिमनास्ट हैं। आर्टिस्टिक जिमनास्ट 2016 रियो ओलंपिक में महिलाओं की वॉल्ट इवेंट में चौथे स्थान पर रही थीं।

पद्मश्री और मेज़र ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित कर्माकर राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई चैंपियनशिप की पदक विजेता भी हैं।

इसके अलावा तुर्की के मेर्सिन में 2018 आर्टिस्टिक जिमनास्टिक वर्ल्ड कप में महिलाओं के वॉल्ट में शीर्ष स्थान पर रहने के बाद कर्माकर अंतरराष्ट्रीय जिमनास्टिक इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय भी बनीं। उसी साल दीपा कर्माकर ने जर्मनी के कॉटबस में हुए विश्व कप में कांस्य पदक अपने नाम किया था।

महिला वर्ग में कर्माकर के अलावा ट्रायल के लिए संभावितों की लिस्ट में टोक्यो ओलंपियन प्रणति नायक, प्रणति दास और प्रोतिष्ठा सामंता के नाम भी शामिल हैं। पुरुष वर्ग में राकेश पात्रा और योगेश्वर सिंह लिस्ट में हैं।

इन्हें पसंदीदा सूची में जोड़ें
आर्टिस्टिक जिमनास्टिक्स 
आर्टिस्टिक जिमनास्टिक्स 
भारत
IND
से अधिक

शायद आपको अच्छा लगेगा