पेरिस 2024 बैडमिंटन प्रतियोगिता में पांच इवेंट में कुल 15 पदक दिए जाएंगे। पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना टोक्यो 2020 में अपने 6 पदकों के बेहतरीन रिकॉर्ड को फिर से हासिल करने की कोशिश करेगा। जबकि यूरोपीय देश खेलों के पिछले संस्करणों में प्राप्त लय को बनाए रखने का प्रयास करेंगे।
बैडमिंटन स्पोर्ट ने म्यूनिख 1972 और सियोल 1988 में एक प्रदर्शनी खेल के रूप में दो संस्करण के बाद बार्सिलोना 1992 में अपना ओलंपिक डेब्यू किया। आज के समय में ओलंपिक में बैडमिंटन का एक अलग स्थान है।
तब से, पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना 20 स्वर्ण सहित 47 पदकों के साथ सबसे सफल एनओसी रहा है। इंडोनेशिया 8 स्वर्ण सहित 21 पदक के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
जबकि डेनमार्क का यूरोप में ऐतिहासिक प्रदर्शन रहा है। वहीं, फ्रांस की राजधानी पेरिस में होने वाले आगामी ओलंपिक खेलों में नजारा कुछ और ही देखने को मिल सकता है।
आइए जानते हैं क्वालिफिकेशन और इससे जुड़ी हर जानकारी, जिन्हें आपको जरूर जानना चाहिए।
और अधिक पढ़ें: पेरिस 2024 को लेकर ओलंपिक क्वालिफिकेशन की शुरू हुई रेस
पेरिस 2024 में होने वाले ओलंपिक खेलों में बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के लिए कुल 172 कोटा स्थान प्रदान किए जाएंगे: जिसमें महिलाओं के लिए 86 और पुरुषों के लिए 86 कोटा शामिल रहेंगे। बता दें कि यह टोक्यो 2020 के बराबर कोटा है।
प्रत्येक जेंडर के लिए, 83 कोटा स्थान सीधे क्वालिफिकेशन के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे, जबकि एक कोटा मेजबान देश के लिए और दो यूनिवर्सैलिटी कोटा आरक्षित हैं।
एक ही एनओसी से प्रति जेंडर अधिकतम आठ अलग-अलग एथलीटों को भाग लेने की अनुमति होगी।
एथलीटों को नाम से स्पॉट आवंटित करने वाले अन्य खेलों के विपरीत, सभी कोटा स्थानों को एनओसी के लिए आवंटित किया जाएगा।
पुरुष और महिला एकल इवेंट में, दो कोटा स्थान (दो एथलीटों के लिए) एनओसी को प्रदान किए जाएंगे, जिसमें दो या अधिक एथलीटों को 'पेरिस रैंकिंग सूची' में 1 और 16 के बीच स्थान दिया जाएगा। अन्यथा, प्रति एनओसी को एक कोटा प्रदान किए जाएंगे।
पुरुषों, महिलाओं और मिश्रित युगल में, एक ही सिस्टम लागू किया जाता है। हालांकि दो कोटा (चार एथलीटों के लिए) एनओसी को दिए जाएंगे, जिनकी दो या दो से अधिक जोड़ी 1 और 8 के बीच होगी।
30 अप्रैल 2024 तक 'पेरिस रैंकिंग सूची' का उपयोग पुरुष और महिला एकल इवेंट के साथ-साथ मिश्रित युगल इवेंट में कोटा स्थान देने के लिए किया जाएगा।
प्रत्येक सूची 1 मई 2023 और 28 अप्रैल 2024 के बीच प्राप्त परिणामों पर आधारित होगी।
ध्यान में रखे गए परिणाम नीचे दी गई प्रतियोगिताओं में से एक होंगे, जो इस प्रकार हैं:
थॉमस और उबेर कप
सुदीरमन कप
विश्व चैंपियनशिप
ग्रेड 2 बीडब्ल्यूएफ टूर टूर्नामेंट - लेवल 1 से 6
ग्रेड 3 BWF कॉन्टिनेंटल टूर टूर्नामेंट - अंतरराष्ट्रीय चैलेंज, अंतरराष्ट्रीय सीरीज & फ्यूचर सीरीज
कॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप (व्यक्तिगत और टीम)
कॉन्टिनेंटल मल्टी स्पोर्ट्स गेम्स - पैन अमेरिकन गेम्स, यूरोपियन गेम्स और अफ्रीकन गेम्स (यदि योग्यता अवधि के दौरान स्वीकृत हो)
बीडब्ल्यूएफ द्वारा स्वीकृत और अग्रिम रूप से और बीडब्ल्यूएफ के साथ शामिल कोई अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रोग्राम विश्व रैंकिंग सूची के भाग के रूप में स्वीकृति
कुल 70 एथलीट BWF 'रेस टू पेरिस रैंकिंग लिस्ट' के माध्यम से एकल इवेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे: जिसमें पुरुषों के 35 और महिलाओं के 35 एथलीट शामिल होंगे।
उन कोटा स्थानों में कॉन्टिनेंटल प्रतिनिधित्व करने वाले स्थान भी शामिल होंगे। प्रत्येक एकल इवेंट में, पांच BWF कॉन्टिनेंटल कंफेडरेशन (कॉन्टिनेंटल प्रतिनिधित्व स्थान) में से प्रत्येक से कम से कम दो एथलीट होंगे, बशर्ते खिलाड़ी ने BWF रेस टू पेरिस रैंकिंग सूची में 30 अप्रैल 2024 तक 250 या उससे ऊपर (1-250 के बीच स्थान) जगह बनाई हो।
30 अप्रैल 2024 की BWF 'रेस टू पेरिस रैंकिंग लिस्ट' के माध्यम से कुल 48 एथलीट युगल इवेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे: जिसमें पुरुषों के इवेंट में 16, महिला इवेंट में 16 और मिश्रित इवेंट में 16 एथलीट शामिल रहेंगे। प्रत्येक युगल इवेंट में पांच BWF कॉन्टिनेंटल कंफेडरेशन (कॉन्टिनेंटल प्रतिनिधित्व स्थान) में से प्रत्येक से कम से कम एक पेयर शामिल रहेंगे।
बैडमिंटन प्रतियोगिताएं 27 जुलाई से 5 अगस्त के बीच पेरिस के उत्तर में स्थित पोर्ट डे ला चैपल एरिना में आयोजित की जाएंगी।
एकल और युगल दोनों इवेंट के फॉर्मेट को दो स्टेज में बांटा गया है: ग्रुप और नॉकआउट स्टेज।
नॉकआउट स्टेज, एकल इवेंट के लिए 16 राउंड और युगल इवेंट के क्वार्टर-फाइनल के साथ शुरू होंगे।
पुरुष एकल इवेंट में डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन का दबदबा है। टोक्यो 2020 में स्वर्ण जीतने के बाद, उन्होंने 2022 में अपना दूसरा विश्व खिताब जीता। उनकी टीम के साथी एंडर्स एंटोनसेन भी पसंदीदा एथलीटों में शामिल होंगे।
जापान के डबल वर्ल्ड चैंपियन मोमोटा केंटो टोक्यो 2020 में नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहने के बाद इस बार कोई मौका नहीं छोड़ना चाहेंगे। इस ओलंपिक खेल में काफी कुछ हैरान करने वाला भी हो सकता है, जैसा कि केविन कॉर्डन ने खेलों के पिछले संस्करण में साबित किया था। टोक्यो 2020 से पहले दुनिया में 59वें स्थान पर रहते हुए उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी और दुनिया के सामने यह साबित किया था कि कुछ भी असंभव नहीं है।
महिला एकल इवेंट में रियो 2016 की स्वर्ण पदक विजेता कैरोलिना मारिन दूसरा ओलंपिक खिताब जीतने की कोशिश करेंगी। स्पेनिश शटलर ने 2022 में अपना छठा यूरोपीय खिताब जीता था। हालांकि उसी वर्ष विश्व चैंपियनशिप में वह क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं जा सकीं। जापान की यामागुची अकाने ने फाइनल में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई को हराकर वर्ल्ड्स में घरेलू सरजमीं पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
महिला युगल में, चीनी जोड़ी किंगचेन चेन और यिफान जिया ने टोक्यो 2020 में रजत पदक जीतने के बाद विश्व चैंपियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक जीता। वे निश्चित रूप से कोरिया रिपब्लिक की जोड़ी किम सो-योंग और कोंग ही-योंग के साथ पेरिस 2024 के लिए पसंदीदा एथलीटों में से एक होंगे।
पुरुषों की बात करें तो, टोक्यो 2020 के कांस्य पदक विजेता आरोन चिया और मलेशिया के सोह वूक यिक ने वर्ल्ड्स में स्वर्ण पदक जीता और आगामी ओलंपिक में भी वह ऐसा ही करने का प्रयास करेंगे। मौजूदा ओलंपिक चैंपियन यांग ली और वांग ची-लिन भी फ्रांस में पोडियम पर शीर्ष कदम रखने के इरादे से नजर आएंगे।
मिश्रित युगल प्रतियोगिता में चीनी जोड़ियों का दबदबा है, विशेष रूप से ओलंपिक रजत पदक विजेता झेंग सिवेई और हुआंग याकिओंग जिन्होंने पिछले ओलंपिक के बाद वर्ल्ड प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। वे आगामी ओलंपिक में खिताब हासिल करने की कोशिश करेंगे। यिलियू वांग और डोंगपिंग हुआंग मौजूदा ओलंपिक चैंपियन हैं और उन्होंने एक साल बाद विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।
हालांकि, जापानी जोड़ी वतनबे युटा और हिगाशिनो अरिसा, टोक्यो 2020 की कांस्य पदक विजेता और 2022 वर्ल्ड्स की रजत पदक विजेता है, वो पेरिस में भी स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से नजर आएंगे।
पेरिस 2024 के लिए बैडमिंटन क्वालिफिकेशन टाइमलाइन
• 1 मई 2023 से 28 अप्रैल 2024: 'रेस टू पेरिस रैंकिंग सूची' के लिए रैंकिंग अवधि
• 15 जनवरी 2024: एनओसी के लिए यूनिवर्सैलिटी स्थानों के लिए अपना अनुरोध जमा करने की समय सीमा
• 28 अप्रैल 2024: क्वालिफिकेशन अवधि की समाप्ति
• 30 अप्रैल 2024: 'रेस टू पेरिस रैंकिंग लिस्ट' प्रकाशित की जाएगी
• 8 मई 2024: मेजबान देश के लिए BWF, मेजबान देश कोटा के पास लिखित रूप में पुष्टि करने की समय सीमा
• TBD: त्रिपक्षीय आयोग एनओसी (जहां लागू हो) को यूनिवर्सैलिटी कोटा के आवंटन की लिखित रूप में पुष्टि करेगा
• 10 मई 2024: बीडब्ल्यूएफ अपने आवंटित कोटा स्थानों की एनओसी/एनएफ को सूचित करेगा
• 24 मई 2024: एनओसी लिखित रूप से बीडब्ल्यूएफ को कोटा आवंटित के इस्तेमाल के लिए पुष्टि करेगा
• 5 जुलाई 2024 तक: बीडब्ल्यूएफ के लिए सभी अप्रयुक्त कोटा स्थानों को फिर से आवंटित करने की समय सीमा
• 8 जुलाई 2024: पेरिस 2024 स्पोर्ट एंट्री की समय सीमा
• 26 जुलाई - 11 अगस्त 2024: ओलंपिक खेल पेरिस 2024
पेरिस 2024 में खेले जाने वाले अन्य खेलों के लिए क्वालिफिकेशन सिस्टम के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करें।