किदांबी श्रीकांत और भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी चिराग शेट्टी-सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी इस सुपर सीरीज 500 इवेंट में हिस्सा नहीं लेंगे।
इंडोनेशिया के जकार्ता में मंगलवार से इंडोनेशिया मास्टर्स 2022 की शुरुआत हो रही है। इस टूर्नामेंट में भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन जैसे दिग्गज अपनी चुनौती पेश करेंगे। यह प्रतियोगिता जकार्ता के इस्तोरा स्टेडियम में खेला जाएगा।
डेनमार्क के विक्टर एक्सेल्सन इस सुपर सीरीज 500 इवेंट के मौजूदा चैंपियन हैं।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और शीर्ष भारतीय शटलर पीवी सिंधु को इस टूर्नामेंट में चौथी वरीयता प्राप्त है और बैडमिंटन विश्व रैंकिंग में वह सातवें स्थान पर हैं। सिंधु महिला एकल के पहले राउंड में डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफर्सन से भिडेंगी।
पुरुष एकल में विश्व रैंकिंग के 9वें नंबर के लक्ष्य सेन इस टूर्नामेंट में भारत की अगुवाई करेंगे। उन्हें इस प्रतियोगिता में 7वीं वरीयता प्राप्त है। लक्ष्य पहले राउंड में अपने अभियान की शुरुआत डेनमार्क के हैंस-क्रिस्टियन के खिलाफ करेंगे।
महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की गैर वरीय जोड़ी पहले राउंड में ब्राजील की लीमा बहनों से भिड़ेगी। यह भारतीय जोड़ी उबेर कप और थाईलैंड ओपन से बाहर होने के बाद वापसी करने के लिए तैयार है।
विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत चोट को ध्यान में रखते हुए इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी चिराग शेट्टी-सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी भी जकार्ता मीट में हिस्सा नहीं लेंगे।
इसके अलावा लंदन 2012 की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने टूर्नामेंट शुरू हुोने से एक दिन पहले अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने 2019 में इंडोनेशिया मास्टर्स का खिताब जीता था।
भारत के थॉमस कप हीरो एचएस प्रणॉय भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगे। उनके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय शटलर पारुपल्ली कश्यप ने भी इस चैंपियनशिप से अपना नाम वापस ले लिया है।
भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ईशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो इंडोनेशिया के प्रवीण जोर्डन और मेलाती देएवा ओक्टाविंती के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। यह जोड़ी मिश्रित युगल में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र जोड़ी है।
इंडोनेशिया मास्टर्स 2022 बैडमिंटन टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल स्टेज भारत में स्पोर्ट्स 18 टीवी चैनल पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जो 10 जून से शुरू होगा। इंडोनेशिया मास्टर्स 2022 की लाइव स्ट्रीमिंग वूट पर उपलब्ध होगी।
महिला एकल: पीवी सिंधु
क्वालीफायर: आकर्षी कश्यप
महिला युगल: एन सिक्की रेड्डी-अश्विनी पोनप्पा, रितिका ठाकर-सिमरन सिंघी
पुरुष एकल: लक्ष्य सेन, समीर वर्मा
क्वालीफायर: सौरभ वर्मा, शुभंकर डे
पुरुष युगल: बी सुमित रेड्डी-अत्री मनु
क्वालीफायर: ईशान भटनागर-साई प्रतीक, आशिथ सूर्या-वसंत कुमार-हनुमाया रंगनाथ
मिश्रित युगल: वेंकट गौरव प्रसाद-जूही देवांगन, बी सुमित रेड्डी-अश्विनी पोनप्पा
क्वालीफायर: ईशान भटनागर-तनीषा क्रास्टो